सुलतानपुर। सुलतानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा अलाउद्दीनपुर गांव के पास वाहन से बैंड का सामान उतारते समय हुआ। मृतकों के शवों का सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम किया गया।
मृतकों की पहचान अखंडनगर के सरैया मुबारकपुर गांव निवासी अतिबल के पुत्र प्रदीप कुमार (30) और अनिल कुमार (25) के रूप में हुई है। वे रविवार दोपहर करीब 2 बजे घर से ऑटो से निकले थे। दौड़ीपुर, सुल्तानपुर से एक बारात खुटहन, जौनपुर के मैरिज हॉल में गई थी, जहां उन्होंने बैंड बजाया था।
रात करीब 2 बजे वे अखण्डनगर-बेलवाई मार्ग पर अलाउद्दीनपुर गांव में ऑटो से बैंड का सामान उतार रहे थे। तभी अखंडनगर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक भाई ऑटो में दब गया, जबकि दूसरा बोलेरो में फंसकर कुछ दूर तक घसीटा गया। उनके साथ मौजूद दुर्गेश ने एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी।
दोनों भाइयों को तत्काल अखंडनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया।
मृतक अनिल की 7 जून को बारात जानी थी। उसकी बरीक्षा हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि एक अज्ञात बोलेरो द्वारा टक्कर मारे जाने से दोनों भाइयों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsMay 11, 2026बोलेरो की टक्कर से 2 सगे भाइयों की मौत, छोटे भाई की 7 जून को जानी थी बारात
LAMBHUAMay 11, 2026सुलतानपुर: दुल्हापुर पंचायत भवन में ग्राम प्रधान ने किया लाइब्रेरी का उद्घाटन
ACADEMICMay 11, 2026सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज झारखंड कादीपुर में भावपूर्ण स्वस्ति गमन समारोह आयोजित
ACADEMICMay 10, 2026श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज में तृतीय प्रवेश परीक्षा संपन्न, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
