sultanpur-assembly-election-2027-sp-ashok-singh-bisen-ticket-discussion

सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में 188 सुलतानपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं सामने आ रही हैं।

सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अधिवक्ता सभा के प्रदेश महासचिव एवं बार एसोसिएशन के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, संगठन स्तर पर उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वह पार्टी के अधिवक्ता सभा में प्रदेश महासचिव के पद पर कार्यरत हैं, वहीं बार एसोसिएशन के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी उनकी पहचान है। पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

ऐसे में विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए समाजवादी पार्टी ऐसे चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर सकती है, जिनकी संगठन और जनता दोनों के बीच अच्छी पकड़ हो। इसी वजह से अशोक सिंह बिसेन का नाम पार्टी नेतृत्व के बीच चर्चा में बना हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी नेतृत्व जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और पार्टी के लिए लगातार किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र से अशोक सिंह बिसेन को अवसर दे सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा।

संभावित उम्मीदवारी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “दर्पण सा अब साफ है जनता का संदेश, 2027 आ रहे अखिलेश।” उनके इस बयान को राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि यह आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाने का प्रयास है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi