third-entrance-exam-conducted-at-shri-vishwanath-inter-college-sultanpur

श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज में तृतीय प्रवेश परीक्षा संपन्न, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

सुलतानपुर। सुलतानपुर के कलान स्थित श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित तृतीय प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रवेश परीक्षाओं को मिलाकर अब तक लगभग 7500 विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता दर्ज की जा चुकी है, जो संस्थान की बढ़ती लोकप्रियता और गुणवत्ता आधारित शिक्षा व्यवस्था को दर्शाती है।

विद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू हुई प्रवेश परीक्षा के दौरान सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विद्यालय के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह तथा प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर संस्थान सभागार में अभिभावक संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक नीतियों, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर संस्थान की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और आधुनिक शिक्षा के माध्यम से उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का कार्य कर रहा है।

प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ संस्कार एवं स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से मजबूत होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना भी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के नियमित अध्ययन, अनुशासन और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में संचालित आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क JEE एवं NEET तैयारी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण एवं सामान्य परिवारों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में बेहतर अवसर मिल सके। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासेज तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक विषयों की शिक्षा भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है।

विद्यालय की दूरदर्शी शैक्षिक पहल और छात्र-केंद्रित सुविधाओं से अभिभावकगण काफी प्रभावित दिखाई दिए। कई अभिभावकों ने संस्थान की आधुनिक सोच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक बताया।

शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज का यह प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi