सुलतानपुर। रामराजी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज (Ramraji Saraswati Balika Vidya Mandir Inter College) में शनिवार को प्रतिभा अलंकरण सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल कल्याण समिति के मंत्री हरि दर्शन राम, विद्यालय की कोषाध्यक्ष मनीषा गुप्ता तथा प्रधानाचार्या रेनू सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में शिक्षा, अनुशासन और सफलता के संदेशों से ओतप्रोत वातावरण बन गया।
प्रतिभा अलंकरण सम्मान समारोह के दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉप-10 छात्राओं को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं के चेहरे पर सम्मान प्राप्त करने की खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी छात्राओं की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए बाल कल्याण समिति के मंत्री हरि दर्शन राम ने कहा कि “विद्या विनय देती है। शिक्षा प्राप्त करने के बाद व्यक्ति में अहंकार नहीं आना चाहिए और न ही किसी प्रकार की हीन भावना रखनी चाहिए। ज्ञान का सही उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में होना चाहिए।”
विद्यालय की कोषाध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “लहरों से नैया पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।” उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम करें। सफलता उन्हीं को मिलती है जो संघर्ष से पीछे नहीं हटते। उन्होंने उन छात्राओं को भी प्रेरित किया जिन्हें इस बार पुरस्कार नहीं मिल सका। कहा कि मेहनत और लगन से वे भी भविष्य में अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन कर सकती हैं।
प्रधानाचार्या रेनू सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षिक उपलब्धियां दिलाना ही नहीं बल्कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
कार्यक्रम का संचालन रंजना मिश्रा एवं सुप्रिया श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के अंत में छात्राओं और अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की।
Author Profile

Latest entries
ACADEMICMay 10, 2026रामराजी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में प्रतिभा अलंकरण सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
Breaking NewsMay 9, 2026महाराणा प्रताप जयंती पर कादीपुर में पुनः स्थापित हुई महाराणा प्रताप की प्रतिमा, बृजभूषण शरण सिंह ने किया अनावरण
Breaking NewsMay 9, 2026सुलतानपुर में दहेज के लिए महिला को पीटा, पति ने दिया तीन तलाक, मामला दर्ज
Breaking NewsMay 9, 2026सुलतानपुर में व्यापारी पर जानलेवा हमला, 5 करोड़ की धोखाधड़ी के बाद मुकदमा दर्ज
