sultanpur-youth-dies-in-gomti-river-while-saving-friend-at-gauri-shankar-dham

गोमती नदी में डूबने से युवक की मौत: दोस्त को बचाने के प्रयास में गई जान, गोताखोरों ने दूसरे बच्चे को बचाया

सुलतानपुर। जिले के चांदा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शाहपुर जंगल स्थित प्रसिद्ध गौरी शंकर धाम में गोमती नदी में नहाने गए एक युवक की अपने दोस्त को बचाने के प्रयास में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय गोताखोरों की तत्परता से एक अन्य बच्चे की जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान इंदौली निवासी 21 वर्षीय आस मोहम्मद पुत्र हकीक अली के रूप में हुई है। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ गौरी शंकर धाम घूमने आया था। भीषण गर्मी के बीच सभी दोस्त राहत पाने के लिए गोमती नदी में नहाने उतरे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान आस मोहम्मद का एक दोस्त नदी में वीडियो बना रहा था। इसी बीच वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को संकट में देखकर आस मोहम्मद उसे बचाने के लिए नदी के अंदर चला गया, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह खुद भी पानी में फंस गया और डूबने लगा।

घटना होते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने आस मोहम्मद को नदी से बाहर निकाला।

इसी दौरान एक अन्य बच्चा भी नदी में डूबने लगा था। गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही चांदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा भेजा गया। इसके बाद परिजन आस मोहम्मद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय गोताखोरों ने नाव की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया और शव को अपने घर ले गए।

इस घटना ने एक बार फिर नदियों और गहरे जल क्षेत्रों में सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। गर्मी के मौसम में नहाने या मनोरंजन के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi