सुलतानपुर। जिले में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा में दो मासूम बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कई थाना क्षेत्रों में दिखा तबाही का मंजर
आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा असर बल्दीराय, हलियापुर, अखंडनगर, बंधुआकला, कुड़वार और कूरेभार थाना क्षेत्रों में देखने को मिला। तेज हवा के कारण जगह-जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर पड़े, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
बहन की शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग
कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे शिववंश दूबे का पुरवा गांव निवासी 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की बिजली का खंभा गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी बहन की शादी के लिए महज 10 दिन पहले ही परदेस से घर लौटे थे और बुधवार को परिवार के साथ तिलक कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रहे थे। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बल्दीराय में दो की मौत, मासूम भी शिकार
बल्दीराय थाना क्षेत्र में भी आंधी-तूफान ने कहर बरपाया। कस्बा माफियात में सुरेश कुमार सोनकर की आठ वर्षीय बेटी महिमा की छप्पर पर ईंट गिरने से मौत हो गई। वहीं सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन के घर पर पेड़ गिर गया, जिससे उनकी जान चली गई। उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
कच्चे मकान बने हादसे की वजह
हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा गांव में बम बहादुर की 35 वर्षीय पत्नी रीता की कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से मौत हो गई। रीता तीन बच्चों की मां थी। इसी तरह कूरेभार थाना क्षेत्र के पटना मनीपुर गांव में 70 वर्षीय केवला देवी की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई। कच्चे मकानों के गिरने से कई लोग घायल भी हुए हैं।
अखंडनगर में मासूम की मौत, दो बच्चे घायल
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में विजय बहादुर के आठ वर्षीय बेटे सुरेमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय विकास और 11 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बंधुआकला और अन्य क्षेत्रों में भी नुकसान
बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज दाऊदपुर में जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की मौत हो गई। कूरेभार ब्लॉक में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। वहीं दुबेपुर ब्लॉक क्षेत्र में नीम का विशाल पेड़ गिरने से मुन्नीलाल कोरी के घर की छत और टीन शेड ढह गया, जिसमें उनकी पत्नी धनऊ और बच्ची सुनैना घायल हो गईं।
एक्सप्रेसवे का टोल प्लाजा भी क्षतिग्रस्त
आंधी-तूफान का असर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी देखने को मिला। एक्सप्रेसवे के लगभग 80 किलोमीटर पर स्थित टोल प्लाजा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि से 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराई जाए। राजस्व, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Author Profile

Latest entries
SULTANPURJuly 3, 2026हाजीपट्टी कूंडधाम आश्रम तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जिला पंचायत सदस्य ने किया निरीक्षण
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
