सुलतानपुर। ज्येष्ठ माह के छठवें एवं अंतिम बड़े मंगल पर मंगलवार को पूरा सुलतानपुर जिला भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता के रंग में रंगा नजर आया। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं, राहगीरों और जरूरतमंदों को छोला-पूड़ी, छोला-चावल, शरबत, ठंडा पानी, इलेक्ट्रॉल तथा अन्य प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इन सेवा कार्यक्रमों ने लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और मानवता का संदेश भी दिया।
नगर क्षेत्र के चौक ठठेरी बाजार, घंटाघर, हनुमानगढ़ी, बाबूगंज बाजार, अभियाकला सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हनुमान मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया था। बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने विभिन्न भंडारों में की सहभागिता
नगर पालिका परिषद सुलतानपुर के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने छठे बड़े मंगल के अवसर पर नगर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित भंडारों में पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागिता की। उन्होंने चौक ठठेरी बाजार स्थित बाबा आभूषण के सामने सतनाम सिंह एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित भंडारे में शामिल होकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कराया। इसके अलावा पायगीपुर स्थित गनपत सहाय मार्केट निवासी दिलीप मिश्रा के आयोजन में भी सहभागिता निभाई। सुल्तानपुर स्वराज दिवस के अवसर पर नामित सभासद रेनू सिंह की दुकान पर आयोजित भंडारे में भी उन्होंने उपस्थित होकर जनसेवा, सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश दिया।
बाबूगंज बाजार में सहायता फाउंडेशन ट्रस्ट का विशाल भंडारा
लंभुआ तहसील क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में सहायता फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। संस्था के प्रदेश संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद सुफियान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए छोला और शीतल शरबत की विशेष व्यवस्था की गई। इस अवसर पर दीपक अग्रहरि, सुभाष सिंह, प्रिंस विश्वकर्मा, राम बहादुर पाल, राम अवध प्रजापति, रवि भास्कर, अभय राज सरोज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भदैयां क्षेत्र में जगह-जगह लगे सेवा शिविर
भदैयां क्षेत्र में बड़े मंगल पर कई स्थानों पर भंडारे आयोजित किए गए। रामगंज राजबहा स्थित नरहरपुर पुल के निकट समाजसेवी गिरीश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशाल भंडारा आयोजित हुआ। यहां हनुमान जी महाराज की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
धरमगंज बाजार में समाजसेवी भूपेंद्र करुणाशंकर पाण्डेय द्वारा राहगीरों को शरबत और छोले का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं हनुमागंज-कंघईपुर मार्ग पर भी हनुमान भक्तों द्वारा विशाल भंडारा आयोजित कर लोगों को छोला-रस का प्रसाद वितरित किया गया।
बल्दीराय के दरियापुर में गूंजे बजरंगबली के जयकारे
विकासखंड बल्दीराय की दरियापुर ग्राम पंचायत के पूरे नेवल सिंह गांव में भी बड़े मंगल के अवसर पर भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं को छोले-चावल और शीतल पेय पदार्थ वितरित किए गए। पूरे आयोजन के दौरान बजरंगबली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में सेवा कार्य की सराहना
बाबूगंज बाजार स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में ग्रामवासियों के सहयोग से विशाल प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां शरबत, जलपान और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। लोगों ने इसे सामाजिक सद्भाव और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
सती माता मंदिर और हनुमानगंज चौराहे पर उमड़ी भीड़
हनुमानगंज पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित प्राचीन सती माता मंदिर में दोपहर बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं हनुमानगंज चौराहे पर शरबत और छोले-पूड़ी वितरण कार्यक्रम दिनभर चलता रहा। मंदिर के आयोजकों ने बताया कि ज्येष्ठ माह के पहले मंगलवार से ही लगातार प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चल रहा है, जिसे श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
कूरेभार में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम
कूरेभार क्षेत्र के प्राचीन हनुमान मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दर्शन-पूजन के साथ ही समाजसेवियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर शरबत, ठंडा पानी और इलेक्ट्रॉल लिक्विड का वितरण किया गया। कूरेभार चौक, हनुमान मंदिर परिसर, सेमरी मार्ग, गुप्तारगंज, इरुल, फुलौना और पुरखीपुर सहित अनेक स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए। श्रद्धालुओं ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सेवा और परोपकार की सच्ची मिसाल बताया।
भाईचारे और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
अभियाकला और बाबूगंज बाजार में दीपक अग्रहरि की दुकान के निकट आयोजित कार्यक्रम में राहगीरों को शरबत और छोला वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजन का मुख्य संदेश था— “जाति-पात पूछो ना कोई, हरि का भजे सो हरि का होई।”
दोमुहा और कामतागंज में भी चला प्रसाद वितरण
ब्लॉक मुख्यालय के दोमुहा चौराहा, पंचमुखी हनुमान मंदिर और कामतागंज बाजार में भी श्रद्धालुओं ने बड़े मंगल पर भंडारे आयोजित किए। नींबू शरबत, ठंडा पानी और छोला-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
