sultanpur-sarrafa-traders-meet-dm-indrajeet-singh-security-cctv-verification-drive

सुलतानपुर: जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से मिला सर्राफा व्यापार मंडल, सुरक्षा व समस्याओं को लेकर हुई अहम बैठक

सुलतानपुर। जनपद के सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को सर्राफा व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से मिला। जिला अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने चौक क्षेत्र में व्यापार के दौरान आ रही विभिन्न अड़चनों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को विस्तार से जिलाधिकारी के सामने रखा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह तथा नवागत उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी भी मौजूद रहे। व्यापारियों ने बताया कि चौक क्षेत्र में सर्राफा कारोबार के दौरान सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही कुछ अन्य प्रशासनिक और स्थानीय स्तर की समस्याएं भी सामने रखी गईं।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सर्राफा व्यापार को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जाएंगे।

बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। चौक क्षेत्र के सर्राफा बाजार में जल्द ही CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके। इसके लिए नगरपालिका से सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा बिना लाइसेंस ज्वलनशील और खतरनाक केमिकल रखने वालों के खिलाफ पूरे जिले में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में यह भी तय हुआ कि सर्राफा कारोबार से जुड़े बंगाल से आने वाले कारीगरों का पुलिस के माध्यम से वेरिफिकेशन कराया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

इस दौरान सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी, महामंत्री नवीन अग्रहरि, कोषाध्यक्ष विनय कुमार बरनवाल, विन्नू लक्खी, चंद्र कौशल, स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजकुमार सोनी, दिलीप बरनवाल, भरत जी सराफ और राजदेव शुक्ल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।