सुलतानपुर। सुलतानपुर में नदी और नहर से दो शव बरामद हुए हैं। सोमवार को चांदा थाना क्षेत्र के कोइरीपुर स्थित पीली नदी में एक वृद्ध का शव मिला, जिसकी पहचान सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद हुई। वहीं, शिवगढ़ के बेलाही नहर में एक युवती का शव भी मिला है। जिले में शव मिलने का यह सिलसिला लगातार जारी है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कोइरीपुर स्थित जालपा मंदिर के पास पीली नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर चांदा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर और कोतवाली प्रभारी अमित कुमार मिश्रा की मौजूदगी में शव को नदी से बाहर निकाला गया।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद मृतक की बहन रीमा ने अपने ससुराल से आकर शव की पहचान नन्हे बनरवाल (50 वर्ष) पुत्र साधुराम बनरवाल, निवासी कंचन नगर कोइरीपुर के रूप में की। नन्हे बनरवाल कबाड़ बीनने का काम करते थे। वह अविवाहित थे और घर पर अकेले रहते थे, जबकि उनके बड़े भाई मुंबई में रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, नन्हे बनरवाल को मिर्गी के दौरे आते थे।
उधर, शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सकवा और अर्जुनपुर के बीच शंभूगंज-कामतागंज रोड पर बेलाही नहर में एक युवती का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल शिवगढ़ पुलिस को सूचना दी। युवती ने काले रंग का ब्लाउज या सूट/साड़ी पहन रखी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इससे पहले रविवार को धम्मौर के महेशरगंज नहर में एक अज्ञात शव बहता हुआ देखा गया था, जबकि लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मोहना में तालाब से एक किशोर का शव बरामद हुआ था।
रविवार को लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के नारायनपुर मिश्रौली मोहना तालाब में अर्पित गुप्ता पुत्र श्रीनाथ गुप्ता(14वर्ष), निवासी ग्राम पथरा, कोतवाली लंभुआ का शव मिला था। उसकी आंख और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। परिजनों के अनुसार शनिवार को मृतक गुरुदेव वर्मा निवासी नारायणपुर के यहां प्याज खोदने गया हुआ था दोपहर बाद से उसका पता नहीं चल पा रहा था।
उधर रविवार को ही धम्मौर थाना क्षेत्र के महेश्वरगंज पुल के पास शारदा सहायक खंड 49 नहर में एक अज्ञात शव उतराता हुआ देखा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाल और कपड़ों से यह शव एक महिला का प्रतीत हो रहा है। महिला की उम्र लगभग 25 से 30 साल के बीच आंकी जा रही है। उसने काले रंग की टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। शव नरहरपुर की ओर से लौहर की दिशा में बह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी।
Author Profile

Latest entries
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
Breaking NewsMay 20, 2026सुलतानपुर दौरे पर सांसद रामभुआल निषाद का जनसंपर्क अभियान, जनता दरबार में सुनी समस्याएं; साहसी छात्र को किया सम्मानित
