sultanpur-police-mission-shakti-5-women-safety-awareness-campaign

मिशन शक्ति 5.0 के तहत सुलतानपुर पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया संदेश

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद सुलतानपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों एवं एंटी रोमियो स्क्वॉड ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण का निर्माण करना रहा। इस दौरान पुलिस टीमों ने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण की जानकारी दी।

पुलिस द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। वहीं, एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर बालिकाओं और महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में महिलाएं महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग कर सकती हैं। साथ ही उन्हें cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

अभियान के तहत महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा सामाजिक और कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अन्याय या अपराध के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं और कानून द्वारा उपलब्ध सहायता का लाभ लें।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi