सुलतानपुर में आयोजित हुआ किसान दिवस, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए गए निर्देश

सुलतानपुर। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के प्रभावी समाधान एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में “किसान दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विनय कुमार सिंह ने की। किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा।

बैठक के दौरान किसानों ने सिंचाई व्यवस्था, कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ, उर्वरक एवं बीज की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, फसल बीमा, राजस्व संबंधी मामलों तथा अन्य कृषि समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सीडीओ विनय कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान दिवस का उद्देश्य किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि कृषि से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके और किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका त्वरित निस्तारण कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, आधुनिक खेती की तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित जानकारियां भी दी गईं।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi