sultanpur-kanungo-rajit-ram-sharma-caught-taking-bribe-12000-anti-corruption-team-arrest

12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ कानूनगो गिरफ्तार, अयोध्या एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

सुलतानपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अयोध्या एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लंभुआ तहसील में तैनात कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) राजित राम शर्मा को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शहर के डाकखाना चौराहे के पास गोसाईगंज रोड पर की गई। गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार लंभुआ तहसील के भदैंया क्षेत्र स्थित हनुमानगंज सर्किल के प्रभारी कानूनगो राजित राम शर्मा पर जमीन की पैमाइश (सीमांकन) से संबंधित रिपोर्ट भेजने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। मणिकापुर परासिन निवासी अजय कुमार ने अपनी भूमि के सीमांकन की आख्या भेजने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य को करने के बदले कानूनगो लगातार 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।

रिश्वत की मांग से परेशान अजय कुमार ने अयोध्या मंडल के भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन अयोध्या मंडल के निरीक्षक एवं ट्रैप टीम प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शनिवार को पीड़ित को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही राजित राम शर्मा ने डाकखाना चौराहे से गोसाईगंज रोड स्थित मिश्रा साहित्य निकेतन दुकान के सामने पीड़ित से 12 हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

ट्रैप कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से केमिकल लगे हुए रिश्वत के नोट बरामद किए। कार्रवाई बीच सड़क पर होने के कारण मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। एंटी करप्शन टीम आरोपी को हिरासत में लेकर गोसाईगंज थाने पहुंची, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्र ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर आरोपी कानूनगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना अयोध्या इकाई के निरीक्षक हरिओम मिश्र को सौंपी गई है।

जानकारी के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब राजित राम शर्मा रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार हुए हैं। इससे पहले 13 दिसंबर 2023 को कादीपुर तहसील में तैनाती के दौरान भी अयोध्या एंटी करप्शन टीम ने उन्हें 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

उस समय कादीपुर के शास्त्रीनगर निवासी एवं भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र उपाध्याय की शिकायत पर कार्रवाई हुई थी। दोबारा गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार एंटी करप्शन टीम की निगाहें राजस्व विभाग के कई अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर कई मामलों की निगरानी की जा रही है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi