sultanpur-doctor-Sanjay Mishra-house-theft-near-jewellery-cash-stolen

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय मिश्रा के घर लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात लेकर फरार चोर

सुलतानपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस चौराहे के पास स्थित वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय मिश्रा के आवास पर बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि घटना स्थल जिले के एसपी ऑफिस से महज कुछ दूरी पर स्थित है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोर पड़ोसी मकान की दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस को दी गई सूचना, जांच शुरू
सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो डॉ. संजय मिश्रा और उनके परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस टीम, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Author Profile

News Desk
News Desk