sultanpur-district-jail-inspection-district-judge-dm-sp-review-security-arrangements

जिला जज, डीएम और एसपी ने किया सुलतानपुर जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं

सुलतानपुर। जिला कारागार सुलतानपुर में प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला जज सुनील कुमार, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह तथा पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जेल परिसर, विभिन्न बैरकों और अस्पताल का सघन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों ने महिला एवं पुरुष बंदियों की बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा जेल अस्पताल में भर्ती कैदियों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा बीमार बंदियों को दिए जा रहे उपचार की गुणवत्ता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बीमार बंदियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण टीम ने जेल की मेस का भी निरीक्षण किया और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा भोजन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को एकत्र कर उनसे सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने एक-एक कर बंदियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बंदियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को यह भी निर्देशित किया कि मुलाकात (मिलाई) के लिए आने वाले परिजनों एवं अन्य लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत और सतर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जेल अधिकारियों को हर समय सतर्क रहने तथा सुरक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi