patti-bar-association-election-2026-shailendra-tiwari-elected-president-pratapgarh

पट्टी बार एसोसिएशन चुनाव संपन्न; शैलेंद्र तिवारी बने अध्यक्ष, विकास श्रीवास्तव चुने गए महामंत्री

प्रतापगढ़। पट्टी बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। पूरे दिन चली चुनावी प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मतदान समाप्त होने के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर शैलेंद्र तिवारी ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि विकास श्रीवास्तव महामंत्री पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही तहसील परिसर में जश्न का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

बार एसोसिएशन चुनाव में कुल 278 मतदाता थे, जिनमें से 258 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो अधिवक्ताओं की चुनाव के प्रति गंभीरता और सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, लेकिन प्रत्याशी राधारमण मिश्र के अस्वस्थ होने के कारण मुकाबला मुख्य रूप से तीन प्रत्याशियों के बीच सिमट गया।

मतगणना में शैलेंद्र तिवारी को 181 मत प्राप्त हुए और उन्होंने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल की। वहीं जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ जेपी सिंह को 62 मत मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। श्रीराम वर्मा को 12 मत प्राप्त हुए, जबकि राधारमण मिश्र के पक्ष में भी 3 मत पड़े।

महामंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में विकास श्रीवास्तव ने सबसे अधिक 105 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिलीप कुमार मिश्रा को 81 मत मिले, जबकि मनोज कुमार मिश्रा को 69 मत प्राप्त हुए।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद निम्न प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए:

-वरुण पांडे उर्फ बंटी पांडे – 149 मत
-मनीष तिवारी उर्फ बबलू – 139 मत
-मनीष कुमार सिंह – 133 मत

अन्य प्रत्याशियों में सचिन कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह को 129 मत तथा महेश कुमार श्रीवास्तव को 109 मत प्राप्त हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी और महामंत्री विकास श्रीवास्तव सहित सभी विजयी प्रत्याशियों ने एल्डर कमेटी के अध्यक्ष अच्छे लाल ओझा तथा सदस्य अजीत सिंह बीबीपुर, हर्ष नारायण सिंह, प्रदीप पांडे और जयप्रकाश गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में एल्डर कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण पूरी प्रक्रिया गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

चुनाव परिणाम आने के बाद तहसील परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की तथा अधिवक्ताओं के चैंबर और बस्तों तक पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। अधिवक्ता एक-दूसरे को बधाई देते और जीत की खुशी साझा करते नजर आए।

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। पट्टी कोतवाल आनंदपाल सिंह तथा क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ पूरे समय तहसील परिसर में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।

Author Profile

Ashish Pratap Singh