raja-bhaiya-meets-dhirendra-krishna-shastri-for-proposed-shri-ram-katha-at-rajbhavan-benti

राजभवन बेंती में प्रस्तावित श्रीराम कथा को लेकर राजा भैया ने बागेश्वर धाम सरकार से की भेंट, लिया आशीर्वाद

प्रतापगढ़। वर्ष 2026 के उत्तरार्ध में राजभवन बेंती (कुंडा) में आयोजित होने वाली मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्रस्तावित दिव्य कथा को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा के लोकप्रिय विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से स्नेहपूर्ण मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ विधान परिषद सदस्य गोपाल जी भी मौजूद रहे।

भेंट के दौरान राजा भैया ने बागेश्वर धाम सरकार का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आगामी श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की। बताया जा रहा है कि वर्ष 2026 के उत्तरार्ध में राजभवन बेंती में आयोजित होने वाली यह दिव्य कथा सनातन संस्कृति, भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और धार्मिक चेतना के प्रसार का एक भव्य केंद्र बनने जा रही है।

मुलाकात के दौरान वैदिक सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन, राष्ट्र के सांस्कृतिक पुनर्जागरण, धर्म प्रचार, लोककल्याण तथा समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित एवं सकारात्मक विमर्श हुआ। दोनों संत एवं जनप्रतिनिधियों ने भारतीय संस्कृति की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

राजा भैया ने बागेश्वर धाम सरकार के आध्यात्मिक नेतृत्व एवं सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना करते हुए आगामी श्रीराम कथा को जनमानस के लिए प्रेरणादायी एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। वहीं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी समाज में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।

Author Profile

Ashish Pratap Singh