सुलतानपुर। जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के मोतिगरपुर ब्लॉक में आम आदमी पार्टी (आप) की ब्लॉक स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और आगामी समय में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना था। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का कार्य कर रहा है और यही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है ताकि आम जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता आज भी बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी इन जनसमस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ाई लड़ने का काम करेगी।
बैठक के दौरान वंशराज दुबे ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका आरोप था कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी जनता के अधिकारों का हनन करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी ऐसे मामलों में चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी सरकारी कार्यालय में कोई अधिकारी या कर्मचारी वैध कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी जानकारी तुरंत पार्टी पदाधिकारियों अथवा कार्यालय तक पहुंचाएं। पार्टी ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन भी करेगी।
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि जनता के अधिकारों, पारदर्शी प्रशासन और न्याय की लड़ाई में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और बेहतर जनसेवाओं के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की सफलता तथा पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
