sultanpur-bakrid-namaz-peaceful-celebration-security-arrangements

सुलतानपुर में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी गई दुआ

सुलतानपुर। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार इस वर्ष पूरे जिले में धार्मिक उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

शहर के घरहां स्थित ईदगाह में जामा मस्जिद चौक के इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

बल्दीराय क्षेत्र में दिखा भाईचारे का अनोखा संदेश

बल्दीराय तहसील क्षेत्र में भी बकरीद का पर्व उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। पटैला, नन्दौली, नटौली, इब्राहिमपुर, इसौली और बघौना सहित क्षेत्र के प्रमुख ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश की तरक्की, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।

त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार, खंड विकास अधिकारी सहित कई अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। वहीं बल्दीराय थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करते नजर आए। प्रशासन की सक्रियता और जनता के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

ज्ञानीपुर ईदगाह में उमड़ी नमाजियों की भीड़

थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ज्ञानीपुर ईदगाह में भी ईद का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह परिसर में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ देखने को मिली। नए कपड़ों में सजे लोगों ने नमाज अदा कर देश में सुख-शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।

ईदगाह परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। स्थानीय समिति और ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं थाना शिवगढ़ पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रही।

जिलेभर में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

बकरीद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर नजर आया। घरहां ईदगाह पर एडीएम प्रशासन रतन प्रिया, सीडीओ विनय कुमार सिंह, एसडीएम सदर उत्तम तिवारी, तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी, ईओ लाल चंद और सीओ सिटी सौरभ सामंत सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा जिलेभर में लगभग 123 मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी। नगर पालिका और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पहले से निर्देश जारी किए गए थे।

मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा हुई नमाज

शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए जिलेभर में सभी नमाजें मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही अदा की गईं। खैराबाद स्थित मस्जिद मीर बंदे हसन, जामे इस्लामिया, जामे अरबिया, मस्जिदे हिरा, जामे हबीबिया, मस्जिद बेलाल और मदीना मस्जिद समेत दर्जनों मस्जिदों में नमाज अदा की गई। प्रशासन की सख्ती के चलते जिले में कहीं भी सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी गई।

आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम

त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन दल की गाड़ियों को भी तैनात किया गया था। प्रभारी कोतवाल आलोक कुमार धीमान और इंस्पेक्टर श्याम सुंदर लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिले में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi