bmw-collides-with-nilgai-on-lucknow-varanasi-highway-lambhua-sultanpur

तेज रफ्तार BMW से टकराई नीलगाय, बड़ा हादसा टला; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

सुलतानपुर। जिले के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। डकाही बाईपास के पास तेज रफ्तार से जा रही एक BMW कार अचानक हाईवे पर सामने आ गई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लग्जरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब BMW कार लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर वाराणसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक नीलगाय हाईवे पर आ गई। चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार और कम दूरी के कारण कार नीलगाय से टकरा गई। टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की गति प्रभावित रही, लेकिन जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लखनऊ-वाराणसी हाईवे के कई हिस्सों में आए दिन नीलगाय और अन्य जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। खासकर रात और सुबह के समय ऐसे हादसों की आशंका अधिक रहती है। लोगों ने संबंधित विभागों से हाईवे किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने और वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

गौरतलब है कि पूर्व में भी जिले के विभिन्न हिस्सों में नीलगाय के अचानक सड़क पर आने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि इस बार BMW कार में सवार यात्रियों की जान बच जाना किसी बड़े चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi