Sultanpur Arpit murder case solved, student killed for protesting rape

सुलतानपुर में अर्पित हत्याकांड का खुलासा, कुकर्म के विरोध पर छात्र की हत्या

सुलतानपुर। सुलतानपुर के लंभुआ क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र अर्पित गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुकर्म के प्रयास का विरोध करने पर छात्र की हत्या कर दी थी। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

रविवार शाम नारायनपुर मिश्रौली स्थित मोहना तालाब में पथरा गांव निवासी अर्पित गुप्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अर्पित कक्षा 9 का छात्र था। शव पर चोट के निशान और आंख के पास गंभीर चोट मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।

मृतक के पिता श्रीनाथ गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने नारायणपुर निवासी गुरुदीन वर्मा (50) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। परिजनों के अनुसार, अर्पित रविवार को गुरुदीन के खेत में प्याज खोदने गया था, लेकिन दोपहर बाद से उसका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद शाम को तालाब के पास भैंस चरा रहे चरवाहों ने शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी।

पुलिस जांच में आरोपी गुरुदीन वर्मा का संदिग्ध चरित्र सामने आया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने किशोर अर्पित के साथ कुकर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर शव तालाब के पास फेंक दिया।

अर्पित अपने परिवार में सबसे बड़ा था। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा होने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। उसकी मां लंभुआ ब्लॉक गेट के पास दाना भूनकर बेचती हैं, जबकि पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। स्कूल से लौटने के बाद अर्पित भी मां के काम में मदद करता था।

शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी गुरुदीन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi