sp-charu-nigam-midnight-inspection-dial-112-sultanpur

आधी रात सड़क पर उतरीं एसपी चारू निगम, डायल 112 की PRV गाड़ियों का किया औचक निरीक्षण

सुलतानपुर। एसपी चारू निगम ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार देर रात डायल 112 की पीआरवी वाहनों का औचक निरीक्षण किया। रात 11 बजे के बाद जब पूरा शहर सो रहा था, तब एसपी स्वयं सड़क पर उतरकर पुलिस व्यवस्था का जायजा लेती दिखाई दीं। उनके इस एक्शन मोड को मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

17/18 मई की रात किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान एसपी चारू निगम ने राघपुर शुक्ल क्षेत्र में डायल 112 की PRV 8014 और PRV 6087 को रुकवाकर जांच की। उन्होंने वाहनों में मौजूद सुरक्षा उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही सूचना मिलने के बाद घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाले ‘रिस्पांस टाइम’ की भी गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसपी चारू निगम PRV 8014 के बोनट पर रखे दस्तावेजों की जांच करती नजर आईं। उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मी टैबलेट, टॉर्च और अन्य उपकरणों के साथ ड्यूटी पर तैनात दिखे।

एसपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मी अपने-अपने बीट क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और नियमित पेट्रोलिंग करते रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पीड़ित को तुरंत सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और डायल 112 की विश्वसनीयता उसके तेज रिस्पांस टाइम से ही तय होती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने और जनता से बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

उत्तर प्रदेश पुलिस की डायल 112 सेवा को प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण इमरजेंसी सेवाओं में माना जाता है। ऐसे में एसपी का आधी रात को स्वयं सड़क पर उतरकर निरीक्षण करना पुलिस महकमे में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार गोसाईगंज और जयसिंहपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में रात की पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि अपराधों पर नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो।

एसपी चारू निगम की इस सक्रिय कार्यशैली की स्थानीय लोगों द्वारा भी सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जब जिले का वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद रात में सड़क पर उतरकर व्यवस्था की निगरानी कर रहा है, तो इससे पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi