dhopap-dham-kalash-yatra-shri-ram-katha-sultanpur

धोपाप धाम में निकली भव्य कलश यात्रा, श्रीराम कथा को लेकर भक्तिमय हुआ माहौल

सुलतानपुर। धोपाप धाम में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। पौराणिक तीर्थ स्थल पर निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और बजरंगबली की आकर्षक झांकियों से सजा रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

कलश यात्रा में सैकड़ों मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव के साथ भाग लिया। धार्मिक जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। शोभायात्रा शाहगढ़ कुटीवा से प्रारंभ होकर धोपाप धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने आदि गंगा मां गोमती के पावन तट से जल भरकर धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

आचार्य पंडित राहुल जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर धोपाप मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान श्रीराम मंदिर में कलश स्थापना की गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

आयोजन समिति से जुड़े रवीन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि 19 मई से 25 मई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 मई को कथा विश्राम के उपरांत तहरी प्रसाद का वितरण होगा, जबकि 26 मई की सुबह विशेष प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने शोभायात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और आशीर्वाद से धोपाप धाम में धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन संभव हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।

कलश यात्रा और धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। इस अवसर पर अनूप श्रीवास्तव, राकेश अग्रहरी, नरेंद्र मिश्रा, संगीता सिंह, संजय सिंह, अरविंद गुप्ता, कृपा शंकर मिश्र, उदय प्रताप शुक्ला, ठाकुर प्रसाद, धीरज उपाध्याय, राजेश तिवारी, डॉ. सदानंद तिवारी, जयप्रकाश तिवारी, विजय नारायण तिवारी, शशिबाला त्रिपाठी, स्नेहलता सिंह, रानी अग्रहरि, आरती तिवारी, सुमित्रा तिवारी और नीलम तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi