- सुलतानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मचा हड़कंप, समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
- इंजन से उठे धुएं ने मचाई दहशत, यात्रियों में चीख-पुकार के बीच खाली कराई गई बस
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की एक रोडवेज बस सोमवार सुबह अचानक आग का गोला बन गई। घटना पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दुर्गापुर चौराहे के पास हुई, जहां बस में लगी भीषण आग के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार सभी 42 यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार बस सुलतानपुर से प्रयागराज जा रही थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब बस दुर्गापुर चौराहे से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंची, तभी बस के अगले हिस्से यानी इंजन की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक मुहम्मद अनीस ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए बस रोकने से पहले आग पर पानी डालकर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में धुआं और आग की लपटें तेज हो गईं।
बस में सवार यात्रियों के अनुसार अचानक धुआं फैलने से चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। चालक ने दुर्गापुर चौराहे के पास हाईवे के बीचोंबीच बस रोक दी और परिचालक रविकांत तिवारी की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस में 15 महिलाएं और 27 पुरुष समेत कुल 42 यात्री सवार थे।
देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई और कुछ ही मिनटों में धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। एक महिला यात्री ने बताया कि हड़बड़ी में उनका मोबाइल फोन बस के अंदर ही छूट गया। वहीं दूसरी महिला यात्री ने कहा कि आग की भयावह लपटों को देखकर ऐसा लग रहा था मानो मौत सामने खड़ी हो।
परिचालक रविकांत तिवारी के अनुसार बस में आग तेल की नली जाम होने के कारण लगी थी। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, घंटों परेशान रहे राहगीर
हाईवे के बीचोंबीच बस जलने के कारण अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग बुझने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बस के अवशेषों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
घटना के समय पिकेट से गायब मिले पुलिसकर्मी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय दुर्गापुर चौराहे पर तैनात पुलिस पिकेट के जवान मौके पर मौजूद नहीं थे। लोगों द्वारा सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक आग पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका था।
मामले को लेकर पीपरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण मिश्रा ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। बस के जले हुए हिस्से को हाईवे किनारे हटवा दिया गया है और यातायात बहाल कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
