ramchandra-mishra-boosts-public-outreach-campaign-in-isauli-ahead-of-up-assembly-elections

इसौली में तेज हुई चुनावी हलचल, रामचंद्र मिश्रा ने जनसंवाद से भरी हुंकार, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान

सुलतानपुर। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही इसौली विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इसौली विधानसभा से प्रबल दावेदार माने जा रहे रामचंद्र मिश्रा लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर क्षेत्र में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रविवार को 187 इसौली विधानसभा जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत मंडल शिवनगर की ग्राम सभा मवैया में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में रामचंद्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्र के सम्मानित लोगों की उपस्थिति रही।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामचंद्र मिश्रा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को भी उनके समक्ष रखा। रामचंद्र मिश्रा ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया तथा कहा कि जनता की अपेक्षाओं और विकास की जरूरतों को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रामचंद्र मिश्रा द्वारा लगातार मंडलवार बैठकों, जनसंवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी सक्रियता से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि इसौली विधानसभा में चुनावी तैयारियां अब पूरी गति पकड़ चुकी हैं।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi