pulkit-singh-sultanpur-city-visit-met-traders-development-discussion

भाजपा नेता पुलकित सिंह ने नगर व्यापारियों से संवाद कर जनहित और विकास के मुद्दों पर की चर्चा

सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह के पुत्र पुलकित सिंह ने शहर में नगर भ्रमण कर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर व्यापारियों का कुशलक्षेम जाना तथा जनहित, व्यापार और क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

नगर भ्रमण के दौरान पुलकित सिंह के साथ भाजपा के पूर्व नगर मंडल मंत्री प्रदीप बरनवाल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों का दौरा किया और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

नगर भ्रमण के दौरान पुलकित सिंह ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने कुड़वार नाका स्थित नवीन हार्डवेयर के संचालक प्रवीण अग्रहरि से भेंट कर व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद गल्ला मंडी पहुंचकर राजेश अग्रहरि से मुलाकात की और बाजार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

इसी क्रम में ठठेरी बाजार स्थित प्रदीप ज्वैलर्स पर पूर्व नगर मंडल मंत्री प्रदीप बरनवाल के साथ स्थानीय व्यापारियों से संवाद किया गया। मेजरगंज चौराहे पर स्थित शेखर हैंडलूम के सम्मानित व्यापारियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया। इसके अलावा पंचरास्ता स्थित एस.आर. इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक निर्मल श्रीवास्तव तथा सब्जी मंडी स्थित प्रतिमा जनरल स्टोर के संचालक सुनील जायसवाल से भी क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों पर चर्चा हुई।

नगर भ्रमण के दौरान पुलकित सिंह ने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद बनाए रखना और उनकी समस्याओं को समझना जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों के सुझाव क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे संवाद से स्थानीय आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का अवसर मिलता है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi