neet-paper-leak-gufran-ahmad-saifi-targets-government-sultanpur

नीट पेपर लीक मामले पर सपा नेता गुफरान अहमद सैफी का हमला, बोले- “युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़”

सुलतानपुर। नीट परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने को लेकर देशभर में उठ रहे सवालों के बीच समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष एवं सपा नेता गुफरान अहमद उर्फ सैफी ने सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

सैफी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में 70 से अधिक बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं और एंट्रेंस एग्जाम को लेकर सवाल उठे हैं तथा कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी हैं। इससे मेहनत करने वाले छात्रों और अभिभावकों में निराशा और असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अनियमितताओं की खबरों ने छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ा दिया है। एक ओर युवा दिन-रात मेहनत कर अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पेपर लीक करने वाले गिरोह उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाएं युवाओं का मनोबल तोड़ रही हैं और इससे प्रतिभाशाली छात्रों का भरोसा भी व्यवस्था से उठता जा रहा है।

गुफरान अहमद सैफी ने सरकार से मांग की कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसी सख्त और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न उठे और छात्रों का भरोसा दोबारा कायम हो सके।

Author Profile

News Desk
News Desk