maqbool-ahmad-noori-dies-in-road-accident-sultanpur-social-worker-passes-away

सड़क हादसे में समाजसेवी व शहीद वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी का निधन

सुलतानपुर। लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिले के वरिष्ठ समाजसेवी एवं शहीद वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी इदरीसी (58) का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक तथा पत्रकारिता जगत के लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार मकबूल अहमद नूरी सुलतानपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पांडेयपुर स्थित दामोदर इंटर कॉलेज के निकट उनका वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इसके बाद उन्हें सुलतानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मकबूल अहमद नूरी जिले में एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे। वह शहीद वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट के माध्यम से सामाजिक सेवा, जनहित कार्यों तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय रहते थे। उनके निधन से समाजसेवा के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति मानी जा रही है।

मकबूल अहमद नूरी वरिष्ठ पत्रकार सरफराज अहमद के पिता थे। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत में भी शोक की लहर फैल गई। जिले के अनेक पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi