सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडेय के पहली बार गृह जनपद सुलतानपुर आगमन पर जिलेभर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अमहट, पयागीपुर चौराहा, सरैया पूरे सांऊ सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत, पुष्पवर्षा और जनसमर्थन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंत्री मनोज पांडेय ने जहां विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की, वहीं मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने राम मंदिर, सनातन संस्कृति और सरकारी योजनाओं को लेकर भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से सामने रखा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने जनसुविधा मेले का उद्घाटन किया, प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लिया, बटुकों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया तथा कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री के गृह जनपद आगमन पर सबसे भव्य स्वागत उनके पैतृक गांव सरैया पूरे सांऊ, विकासखंड दूबेपुर में देखने को मिला। अमहट और पयागीपुर चौराहे के बाद गांव में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, युवा और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
स्वागत समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डिंपल सिंह, व्यापारी नेता रवींद्र त्रिपाठी, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. डी.एस. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कोटेदार संघ की ओर से मंत्री को विशाल फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
अमहट चौराहे पर मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री मनोज पांडेय ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति दूसरों को सलाह देता है, उसे सबसे पहले स्वयं उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह वैसा ही है जैसे कोई शिक्षक खुद सिगरेट पीते हुए दूसरों को सिगरेट न पीने की सीख दे। मंत्री ने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव अब तक अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने क्यों नहीं गए। उन्होंने कहा कि दूसरों को उपदेश देने से पहले व्यक्ति को अपने आचरण पर भी ध्यान देना चाहिए।
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे और आठ दिनों के भीतर दोषियों को जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि राष्ट्र और सनातन को कौन मजबूत कर रहा है। मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि देश को ऐसे लोगों के ज्ञान की आवश्यकता नहीं है जो स्वयं अपने आचरण पर अमल नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और सनातन संस्कृति सुरक्षित हाथों में है।
दौरे के दौरान पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मंत्री ने वैदिक परंपरा के प्रतीक बटुकों का तिलक कर शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधायक राजेश गौतम, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पाण्डेय, चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष आर.ए. वर्मा, डॉ. एम.पी. सिंह, सीताशरण त्रिपाठी, जगजीत सिंह, करुणाशंकर द्विवेदी, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, डॉ. डी.एस. मिश्रा, नवल मिश्रा, रूपेश शुक्ला, विजय मिश्रा, ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
