सुलतानपुर। सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। लंबे समय से बिजली संकट और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे करौंदिया पुलिस लाइन और आसपास के क्षेत्रों को अब राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। क्षेत्र में निर्मित नए विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित कर दिया गया। इस अवसर पर विधायक विनोद सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही उनकी प्राथमिकता और संकल्प है।
वर्षों से करौंदिया पुलिस लाइन और आसपास के करीब आधा दर्जन मोहल्लों के लोग बिजली की अनियमित आपूर्ति, लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, ट्रांसफार्मर जलने और केबिल खराब होने जैसी समस्याओं से परेशान थे। क्षेत्र की बढ़ती आबादी के कारण बिजली व्यवस्था पर लगातार दबाव बढ़ रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक विनोद सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार बिजली समस्या को लेकर मांग उठाई जा रही थी। इसके समाधान के लिए उन्होंने बिजली विभाग से प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा और लगातार इसकी पैरवी की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग और प्रदेश सरकार के समक्ष इस समस्या को गंभीरता से उठाया गया, जिसके बाद करौंदिया पुलिस लाइन विद्युत उपकेंद्र को स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हाल ही में फीडर तैयार हुआ और अब उपकेंद्र का उद्घाटन कर इसे जनता के लिए समर्पित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विधायक और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान सभासद संजय कप्तान, रमेश सिंह टिन्नू, सुधीर तिवारी, विजय जायसवाल, अरुण तिवारी, अफजल अंसारी, संदीप गुप्ता, मनीष जायसवाल, सजललाल कसौधन (पूर्व सभासद), नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर बिजली विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता विपुल जैन, अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा, उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता कृष्ण चंद्र कुशवाहा समेत विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विधायक विनोद सिंह ने प्रदेश में हो रही बिजली कटौती के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लगातार बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री स्तर पर इस पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही प्रदेशवासियों को इस समस्या से राहत मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम से पहले विधायक ने केवीके आवास पर आयोजित जन चौपाल में भी क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि “जनता की सेवा ही हमारा संकल्प है और उनकी खुशहाली ही हमारा ध्येय है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
Author Profile

Latest entries
BALDIRAIMay 24, 2026सुलतानपुर में भाजपा ने तेज की संगठनात्मक गतिविधियां, विभिन्न शक्ति केंद्रों की बैठकों में आगामी कार्यक्रमों और बूथ सशक्तिकरण पर मंथन
Breaking NewsMay 24, 2026सुलतानपुर में करौंदिया पुलिस लाइन विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन, वर्षों पुरानी बिजली समस्या से मिलेगी राहत
BALDIRAIMay 24, 2026सुलतानपुर की युवा इन्फ्लुएंसर स्तुति दुबे को मिला ‘कुशभवनपुर रत्न 2026’ सम्मान, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में बनीं प्रेरणा
JAISINGHPURMay 24, 2026भदैंया मंडल के शक्तिकेंद्र पखरौली की मासिक बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और बूथ सक्रियता पर हुआ मंथन
