सुलतानपुर। सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर दिल्ली स्थित एक मरीन एकेडमी के तीन संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के मीरपुर वल्लीपुर निवासी इंद्रजीत सिंह ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अभयजीत सिंह ने वाराणसी के एक कॉलेज से ‘जीपी रेटिंग’ कोर्स पूरा किया था। नौकरी की तलाश में उनका संपर्क दिल्ली मैरीटाइम एकेडमी (कालकाजी, नई दिल्ली) के संचालकों से हुआ।
पीड़ित के अनुसार, एकेडमी के संचालक मीनाक्षी जायसवाल, दीपिका चौहान और विशाल मनु धैया ने अभयजीत को ‘सिनर्जी’ और ‘गुडवुड शिप मैनेजमेंट’ जैसी बड़ी शिपिंग कंपनियों में सीधा चयन करवाने का आश्वासन दिया था।
आरोप है कि इन संचालकों ने विभिन्न तिथियों पर कुल 5,50,000 रुपये की अवैध वसूली की। युवक को झांसे में रखने के लिए शिपिंग कंपनियों के नाम से फर्जी ईमेल, फर्जी इंटरव्यू और जाली ऑफर लेटर भी भेजे गए। बाद में जांच करने पर पता चला कि संबंधित कंपनियों में ऐसी कोई चयन प्रक्रिया हुई ही नहीं थी।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपियों ने महानिदेशक पोत परिवहन (DG Shipping) द्वारा अनिवार्य RPSI (रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विसेज लाइसेंस) के संबंध में भी गुमराह किया। उन्होंने ‘एक्वा ओशन शिप मैनेजमेंट’ नामक एक अन्य संस्था के लाइसेंस को अपना बताकर पीड़ित को भ्रमित किया, जो नियमों का उल्लंघन है।
जब पीड़ित परिवार ने अपनी धनराशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने केवल एक लाख रुपये लौटाए और शेष 4.50 लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि पैसे मांगने पर संचालकों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और रसूखदार अधिकारियों से संबंधों का हवाला देकर डराया।
बल्दीराय पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
Author Profile

Latest entries
SULTANPURJuly 3, 2026हाजीपट्टी कूंडधाम आश्रम तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जिला पंचायत सदस्य ने किया निरीक्षण
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
