Campaign to Clean Drains Intensifies on Sultanpur District Magistrate's Directives

सुलतानपुर: जिलाधिकारी के निर्देश पर नालों की सफाई का अभियान हुआ तेज

सुलतानपुर। बरसात से पहले शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने नालों की सफाई का व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश तथा एडीएम (एफआर) राकेश सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। शासन की मंशा और नगर विकास मंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने बताया कि जिले में कुल 31 नालों की सफाई कराई जा रही है, जिनमें 6 बड़े प्रमुख नाले और 7 मध्यम श्रेणी के नाले शामिल हैं। सभी नालों की सफाई समयबद्ध ढंग से पूरी करने के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।

बड़े और गहरे नालों की सफाई के लिए जेसीबी, पोकलेन मशीन, लालमन मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग किया जा रहा है। मशीनों की मदद से नालों में जमी गाद और कचरे को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है।

इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा शहर में नए आरसीसी नाला निर्माण कार्य भी कराए जा रहे हैं। वार्ड पलटन बाजार में शिशु मंदिर से वन विभाग पुलिया तक नए आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था और मजबूत होगी। इस परियोजना पर लगभग 89.24 लाख रुपये की लागत आने की संभावना है।

सफाई अभियान को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ से आए मजदूरों सहित कुल 326 कर्मचारी प्रतिदिन कार्य में लगे हुए हैं। नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ बाहरी मजदूर भी लगातार मेहनत कर रहे हैं, जिससे अभियान युद्ध स्तर पर संचालित हो रहा है।

नालों की सफाई के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा दवा, ब्लीचिंग पाउडर और फॉगिंग कराई जा रही है ताकि मच्छरों और संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज को निर्देशित किया है कि नालों की सफाई के साथ निकली गंदगी को तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटाया जाए और सुरक्षित स्थान पर निस्तारित किया जाए। इसके साथ ही गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि शहर स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता प्रशासन की प्राथमिकता है और बरसात से पहले कोई भी नाला गंदा नहीं रहने दिया जाएगा।

अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि बारिश से पहले सभी नालों में साफ पानी बहता दिखे और शहर को जलभराव से मुक्त रखा जाए।”

नगर पालिका द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान शहरवासियों के लिए राहत भरी पहल साबित हो रहा है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi