father-son-killed-in-car-bike-collision-sultanpur

सुलतानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

सुलतानपुर। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बंधुआकला थाना क्षेत्र में कार और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना बंधुआकला थाना क्षेत्र के हकुआ गांव के पुल के पास सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे में राजाराम प्रजापति (52) और उनके पुत्र सिकंदर (26) की मौत हो गई। दोनों कुड़वार क्षेत्र के बहमरपुर गांव के निवासी थे और किसी कार्य से बाइक पर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक राजाराम चला रहे थे जबकि उनका पुत्र सिकंदर पीछे बैठा था। बताया जा रहा है कि राजाराम ने हेलमेट नहीं पहना था। हकुआ गांव के पास सामने से आ रही कार से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में राजाराम के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सिकंदर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी गई। घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने एम्बुलेंस चालक से दोनों घायलों को सीधे मेडिकल कॉलेज, सुलतानपुर ले जाने का अनुरोध किया था, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोप है कि एम्बुलेंस चालक घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर फैल गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi