सुलतानपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय की टीम ने सोमवार को शहर में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से शहर के निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कई जगहों पर टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए और मौके से फरार हो गए।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई, जिसमें दस्तावेजों, लाइसेंस और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर नोबेल पैथोलॉजी और अजंता मेडिकल स्टोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेसी सरोज के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने सबसे पहले शहर के सुपर मार्केट क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण शुरू किया। यहां टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। गहन निरीक्षण के बाद नोबेल पैथोलॉजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद टीम जिला अस्पताल के सामने स्थित गाढ़ा भंडार के नीचे बने कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां अजंता मेडिकल स्टोर की भी विस्तृत जांच की गई। जांच में कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता पाए जाने के बाद उसे भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कई अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की। कार्रवाई का असर ऐसा रहा कि कई अस्पताल और पैथोलॉजी संचालकों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए।
करौंदिया स्थित साकेत हॉस्पिटल पहुंचने पर टीम को अस्पताल बंद मिला। अधिकारियों के अनुसार टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक वहां से जा चुके थे।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेसी सरोज ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम में डॉ. जेसी सरोज, वरिष्ठ लिपिक वीके राय, मनोज कुमार सहित लगभग आधा दर्जन सदस्य शामिल रहे।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsMay 25, 2026सुलतानपुर में बढ़ती ईंधन कीमतों के खिलाफ डीवाईएफआई का प्रदर्शन, पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंककर जताया विरोध
Breaking NewsMay 25, 2026CMO टीम की बड़ी कार्रवाई: सुलतानपुर में अस्पतालों और पैथोलॉजी पर छापेमारी, संचालक छोड़कर भागे, दो को नोटिस
Breaking NewsMay 25, 2026सुलतानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
Breaking NewsMay 25, 2026महोबा की दलित छात्रा के साथ अमानवीय घटना पर सुलतानपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा जुलूस
