सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर के अखंड नगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा रायपुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव के मुख्य रास्ते के बीचों-बीच बिजली का खंभा लगाए जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वजह से सड़क संकरी हो गई है, जिससे भारी वाहनों और कृषि कार्य से जुड़े संसाधनों का आवागमन लगभग प्रभावित हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा रायपुर में फूलचंद शर्मा के घर के समीप मुख्य मार्ग के बीच बिजली का खंभा स्थापित कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव के लोगों और किसानों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि उपकरण और अन्य भारी वाहन नियमित रूप से गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वर्तमान समय में खेती-किसानी के कार्य तेजी से चल रहे हैं और किसानों को खेतों तक कृषि सामग्री पहुंचाने के लिए बड़े वाहनों की आवश्यकता पड़ती है। लेकिन रास्ते के बीच लगाए गए बिजली खंभे के कारण वाहनों को निकालने में कठिनाई हो रही है। इससे न केवल किसानों का काम प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों और प्रभावित किसानों ने मामले को गंभीर बताते हुए विद्युत खंड क्षेत्र अखंड नगर (रायपुर) के अधिशासी अभियंता को लिखित शिकायत देकर खंभे को मुख्य रास्ते से हटाकर सड़क के किनारे स्थानांतरित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मामले को लेकर अधिशासी अभियंता कादीपुर ने बताया कि विभाग की ओर से केवल एस्टीमेट तैयार करने का कार्य किया जाता है और संबंधित खंभे का एस्टीमेट पहले ही तैयार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अब खंभा हटाने या स्थानांतरित करने की आगे की प्रक्रिया संबंधित अधिकारियों के स्तर से की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और बिजली विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
