baldirai-police-flag-march-in-walipur-market-for-bakrid-security

बकरीद को लेकर बल्दीराय पुलिस अलर्ट, वलीपुर बाजार में पीएसी के साथ निकला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त

सुलतानपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना बल्दीराय पुलिस ने वलीपुर बाजार में भारी पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में वलीपुर चौकी इंचार्ज ज्ञानेश दुबे ने पुलिस और पीएसी जवानों के साथ वलीपुर बाजार तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

वलीपुर चौकी इंचार्ज ज्ञानेश दुबे ने स्पष्ट रूप से कहा कि बकरीद के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

फ्लैग मार्च के दौरान पूरे बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद दिखाई दी। पुलिस की सक्रियता से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भी भरोसे का माहौल बना रहा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi