जौनपुर। जनपद के नगर निकायों में स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय एवं आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 (Swachh Survekshan 2025-26) की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट की उपस्थिति में सहायक निदेशक, नगरीय निकाय निदेशालय सविता शुक्ला ने तैयारियों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
इस बैठक में जनपद के विभिन्न नगर निकायों के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (EOs), जिला परियोजना प्रबंधक (DPM), डिविजनल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए चेकलिस्ट और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के आधार पर कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अपर जिलाधिकारी और सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के लिए सभी निकायों को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान नोडल विशेषज्ञ प्रदीप अग्रहरि ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने वॉर्ड स्तर पर जनजागरूकता अभियान, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण (Segregation), कम्पोस्टिंग, पब्लिक टॉयलेट की व्यवस्था, सीवर एवं सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई, ODF++ मानक तथा GFC स्टार रेटिंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही उन्होंने इन क्षेत्रों में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए, जिससे जनपद के निकाय स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
अंत में अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को तेजी से पूर्ण करें और स्वच्छता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें। बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
