जौनपुर। जनपद के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर Rohit Sharma अब जौनपुर में क्रिकेट प्रतिभाओं को तराशने की पहल करने जा रहे हैं। फतेहगंज स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में उनकी क्रिकेट अकादमी शुरू होने जा रही है, जिसके लिए विद्यालय प्रबंधन और अकादमी के बीच अनुबंध भी हो चुका है।
विद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक और प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेटर Dhawal Kulkarni (धवल कुलकर्णी) अकादमी के सलाहकार के रूप में जुड़े हैं और समय-समय पर खुद यहां आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
विद्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट मैदान का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिसे जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के उन प्रतिभाशाली बच्चों को अवसर देना है, जिनके पास संसाधन सीमित हैं लेकिन प्रतिभा और जुनून भरपूर है।
निदेशक ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि बाहरी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित फीस लागू होगी। उन्होंने कहा कि यह अकादमी जिले के युवाओं को बेहतर मंच, मार्गदर्शन और करियर के अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि रोहित शर्मा की अकादमी द्वारा हर वर्ष देशभर के चयनित बच्चों के लिए 15 से 20 दिनों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इस कैंप से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंच सकते हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल श्वेता मिश्रा ने बताया कि इस अकादमी में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। वहीं निदेशक विख्यात सिंह और संरक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि यह पहल माउंट लिट्रा जी स्कूल को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान संरक्षक रमेश सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय सिंह और विकास सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
इस पहल से जौनपुर के युवा क्रिकेटरों को न केवल इंटरनेशनल लेवल की ट्रेनिंग मिलेगी, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने का एक मजबूत मंच भी प्राप्त होगा।
