सुलतानपुर। सुलतानपुर के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से लगभग 7 लाख रुपये के बिजली उपकरण और तांबे के पाइप चोरी हो गए हैं। यह घटना पंचोपीरन स्थित एक भवन में हुई, जहां पांच अज्ञात चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं।
चोरों ने भवन से कीमती बिजली उपकरण और एयर कंडीशनर (एसी) की वायरिंग के तांबे के पाइप चुरा लिए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी का यह भवन पंचोपीरन में सुलतानपुर हेल्थ क्लब के पास निर्माणाधीन है। सोमवार की सुबह जब मिस्त्री काम पर पहुंचा, तब चोरी का पता चला। भवन स्वामी के अनुसार, चोरों ने दो मंजिलों पर लगे एसी के कॉपर पाइप, कॉपर वायर और अन्य महंगे बिजली उपकरण चुराए हैं।
मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पांच अज्ञात चोरों को वारदात को अंजाम देते देखा गया। फुटेज के मुताबिक, चोरी की यह घटना रविवार रात 26 अप्रैल को 12:00 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई।
पीड़ित डॉ. त्रिपाठी ने कोतवाली नगर पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामले की सूचना दी है। उन्होंने चोरी हुए माल की बरामदगी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं की है।
