sultanpur-traffic-police-checking-drive-527-e-challan-6-vehicles-seized

यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 527 वाहनों का ई-चालान, 6 वाहन सीज

सुलतानपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सोमवार को जनपद के पयागीपुर एवं अमहट चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

यातायात प्रभारी रामनिरंजन के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस टीम ने हेलमेट, वाहन के दस्तावेज, सीट बेल्ट, ट्रैफिक नियमों के पालन तथा ओवरलोडिंग जैसी व्यवस्थाओं की जांच करते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

चेकिंग अभियान के दौरान कुल 527 वाहनों का ई-चालान किया गया। इनमें सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर की गई। पुलिस ने 414 वाहन चालकों का बिना हेलमेट चलने पर चालान किया। इसके अलावा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 28 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 6 वाहनों को सीज भी किया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य राहगीरों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। इसलिए नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही पुलिस

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई। यातायात प्रभारी रामनिरंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi