sultanpur-storm-rainfall-tree-fall-death-waterlogging

सुलतानपुर में आंधी-बारिश: 2.2 मिमी बारिश दर्ज, चक्की पर पेड़ गिरने से एक की मौत, एक घायल; कई जगह जलभराव

सुलतानपुर। सुलतानपुर में रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इस दौरान धनपतगंज क्षेत्र के रामनगर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां चक्की पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। शहरी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिली, वहीं ग्रामीण इलाकों में किसानों की चिंता बढ़ गई है।

धनपतगंज के रामनगर गांव में अजीत सिंह (55) पुत्र शिव सिंह की चक्की के ऊपर खड़े महुआ के पेड़ की एक भारी डाल अचानक टूटकर गिर गई। इस हादसे में अजीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। नरेंद्र सिंह (62) पुत्र जगदम्बा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रही है।

तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया। नवीन मंडी अमहट भी पानी से लबालब हो गई। देहली बाजार स्थित नंद ऑयल मिल पर लगे सोलर पैनल भी सुबह की तेज आंधी में उखड़ गए।

सुबह के समय तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि हवा की गति 14-22 किमी/घंटा दर्ज की गई, जिसमें 32 किमी/घंटा तक के झोंके भी शामिल थे। जिले में कुल 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दोपहर में तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस और शाम को 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिसमें हवा की गति 18-32 किमी/घंटा और झोंके 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।

गौरतलब है कि पांच दिन पहले आए तूफान में भी जिले में सात लोगों की मौत हुई थी, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है।