सुलतानपुर। शहर के करौंदिया और विवेकनगर मोहल्ले के हजारों नागरिक रेलवे प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के सामने रेलवे द्वारा वर्षों पहले शुरू किया गया फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका है। आधा-अधूरा निर्माण कर छोड़ दिए गए इस पुल के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे ने बड़े स्तर पर निर्माण कार्य शुरू किया था और लोगों को उम्मीद थी कि फुट ओवरब्रिज बनने से आवागमन सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया और तब से परियोजना अधर में लटकी हुई है। नतीजतन करौंदिया, विवेकनगर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को आज भी रेल पटरियां पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।
इस अधूरे निर्माण कार्य की शिकायत प्रधानमंत्री पोर्टल पर करने वाले रंजीत सिंह सलूजा ने बताया कि हमने प्रधानमंत्री पोर्टल पर इस मामले की शिकायत की तो रेलवे मंत्रालय ने मामला डीआरएम लखनऊ को प्रेषित कर दिया। लखनऊ डीआरएम ऑफिस का कहना है कि ये मामला कॉन्स्ट्रक्शन विभाग का है और हमने शिकायत उन्हें प्रेषित की है। कॉन्स्ट्रक्शन विभाग से जानकारी मांगने पर उन्होंने बताया कि हमने ये शिकयत बड़ौदा हॉउस रेलवे बोर्ड को भेजी है और बड़ौदा हॉउस रेलवे बोर्ड ने बताया कि उन्होंने शिकायत यूपी गवर्नमेंट को प्रेषित किया है। कोई भी इस इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और मामले को इस विभाग से उस विभाग घुमा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार करते हैं। कई बार अचानक ट्रेन आने पर लोगों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां किसी बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है।
नागरिकों का आरोप है कि कई बार रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधूरा पड़ा फुट ओवरब्रिज अब विकास कार्य के बजाय उपेक्षा का प्रतीक बन गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि फुट ओवरब्रिज का निर्माण समय पर पूरा कर दिया जाता तो हजारों लोगों को राहत मिलती और रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाले खतरे से भी बचाव हो जाता। लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन अधूरी परियोजना का तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराए और फुट ओवरब्रिज को शीघ्र जनता के लिए खोलने की व्यवस्था करे। लोगों का कहना है कि जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। शहर के बीचोंबीच स्थित यह अधूरा फुट ओवरब्रिज आज भी रेलवे और प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर रहा है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 17, 2026भारत संकल्प सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संगीता यादव का भव्य स्वागत, इसौली में उमड़ा जनसैलाब
BALDIRAIJune 17, 2026कूरेभार में नाबालिग युवती के साथ युवक मिलने पर पुलिस कार्रवाई, जांच में जुटी पुलिस
SULTANPURJune 17, 2026जिला जज, डीएम और एसपी ने किया सुलतानपुर जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
Breaking NewsJune 17, 2026मोतिगरपुर में आम आदमी पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक संपन्न, गांव-गांव तक संगठन विस्तार का लिया संकल्प
