सुलतानपुर। जिले में कर्मचारियों की कमी और लगातार बढ़ते कार्यभार को लेकर लेखपालों का विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। अतिरिक्त जिम्मेदारियों और प्रशासनिक दबाव से नाराज लेखपालों ने विरोध स्वरूप अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्रों के बस्ते जमा करना शुरू कर दिया है। मंगलवार से शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है और आने वाले दिनों में कई राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सदर तहसील स्थित लेखपाल संघ भवन में तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की मौजूदगी में बड़ी संख्या में लेखपाल एकत्र हुए और अतिरिक्त हलकों के बस्ते जमा किए। इस दौरान लेखपालों ने बढ़ते कार्यभार और कर्मचारियों की कमी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
लेखपालों का कहना है कि वर्तमान समय में उन पर लगातार नए कार्यों का दबाव बढ़ता जा रहा है। शासन स्तर पर समयबद्ध तरीके से विभिन्न कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जबकि कर्मचारियों की संख्या अपेक्षाकृत काफी कम है। ऐसे में अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्रों का कार्य करना उनके लिए कठिन होता जा रहा है।
तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि शासन द्वारा जिस हलके में किसी लेखपाल की नियुक्ति की गई है, उसे केवल उसी क्षेत्र का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी पर कई ग्राम पंचायतों और अतिरिक्त हलकों की जिम्मेदारी डालना न केवल कार्य की गुणवत्ता को प्रभावित करता है, बल्कि कर्मचारियों पर अनावश्यक मानसिक दबाव भी बढ़ाता है।
उन्होंने बताया कि जिले में पहले से ही लेखपालों की भारी कमी बनी हुई है। दूसरी ओर फार्मर रजिस्ट्री, खतौनी में अंश निर्धारण, वरासत, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सत्यापन जैसे कई ऑनलाइन और राजस्व संबंधी कार्य लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार संभालना अब व्यावहारिक रूप से संभव नहीं रह गया है।
लेखपालों के इस कदम को प्रशासन पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकला तो राजस्व विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिसका सीधा असर आम जनता और किसानों पर पड़ने की संभावना है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsMay 20, 2026हाईकोर्ट का सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को निर्देश: स्टाफ नर्स की शिकायत पर दो माह में लें फैसला
Breaking NewsMay 20, 2026स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के खिलाफ CPI का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
Breaking NewsMay 20, 2026सुलतानपुर में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत से हाहाकार, 10–15 दिन तक एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर उपभोक्ता
Breaking NewsMay 20, 2026ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा कारोबारियों का प्रदर्शन, जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
