सुलतानपुर। केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सुलतानपुर जनपद के विकास खण्ड भदैंया अंतर्गत ग्राम पंचायत पन्ना टिकरी में भव्य जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि के चेक और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां वितरित कीं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, लम्भुआ विधायक सीताराम वर्मा, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रभारी मंत्री ने योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
जन चौपाल में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पंचायती राज विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्कूल चलो अभियान, खाद्य एवं रसद विभाग समेत अनेक विभागों द्वारा सूचना एवं जागरूकता स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अगले 15 दिनों के भीतर सभी अवशेष पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपकर गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए 5 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र किसानों एवं उनके परिजनों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से प्राप्त सहायता के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
जन चौपाल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ग्रामीणों के साथ प्रभारी मंत्री का सीधा संवाद रहा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जमीनी स्थिति, लाभ वितरण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को साझा करते हुए सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 14, 2026सड़क हादसे में समाजसेवी व शहीद वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी का निधन
Breaking NewsJune 14, 2026बसपा ने मिशन 2027 के तहत पकड़ी बूथ पर किया संगठन विस्तार, पूर्व MLC दिनेश चन्द्रा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
Breaking NewsJune 14, 2026कुड़वार पुलिस की कार्रवाई में गैंगस्टर समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
Breaking NewsJune 14, 2026इसौली में तेज हुई चुनावी हलचल, रामचंद्र मिश्रा ने जनसंवाद से भरी हुंकार, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
