सुलतानपुर। सुलतानपुर जिले में एक शादी समारोह में बज रहे तेज डीजे के शोर के कारण एक पोल्ट्री फार्म में 140 मुर्गियों की मौत हो गई। यह घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में 25 अप्रैल की रात को हुई। पोल्ट्री फार्म संचालक ने डीजे ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, दरियापुर निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी थी, जिसमें कुड़वार के पूरे राम भद्र पुरवा से बारात आई थी। आरोप है कि बारात में शामिल डीजे का शोर अत्यधिक था। जब डीजे गांव के पास स्थित साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरा, तो तेज आवाज से वहां अफरा-तफरी मच गई।
पोल्ट्री फार्म के संचालक साबिर अली ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे डीजे की कानफोड़ू आवाज के कारण फार्म में पल रही 140 मुर्गियों ने दम तोड़ दिया। उनका कहना है कि शोर इतना ज्यादा था कि मुर्गियां दहशत में आ गईं और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद, पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक ने बल्दीराय थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजे संचालक कवि यादव (निवासी परसीपुर, कुड़वार) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बल्दीराय पुलिस के अनुसार, मामले की जांच उपनिरीक्षक एमडी ताहुर खान को सौंपी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक शोर कर रहा था। विशेषज्ञों का मानना है कि तेज ध्वनि तरंगों के कारण पक्षियों और जानवरों में दिल का दौरा पड़ने की संभावना रहती है, जो इस मामले में मुर्गियों की मौत का कारण हो सकता है।
Author Profile

Latest entries
SULTANPURJuly 3, 2026हाजीपट्टी कूंडधाम आश्रम तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जिला पंचायत सदस्य ने किया निरीक्षण
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
