- विजेथुआ धाम में मेला, जगह-जगह धार्मिक आयोजन, हनुमान मंदिरों में सुबह से उमड़ी भक्तों की भीड़
- भागवत कथा, रामचरितमानस सम्मेलन और सुंदरकांड पाठ से गूंजा जनपद, हर ओर दिखी भक्ति और उत्साह
सुलतानपुर। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के अवसर पर जनपद सुलतानपुर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। जिले भर में मेले, धार्मिक अनुष्ठान, कथा-प्रवचन और भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
सबसे प्रमुख आयोजन विजेथुआ महावीरन धाम में देखने को मिला, जहां बड़े मंगल के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन किए और मेले का आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
इसी क्रम में कुड़वार क्षेत्र के हनुमंत नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भक्तों ने एक साथ बैठकर सुंदरकांड का पाठ किया और भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक आयोजनों की कड़ी में करौंदीकला के बौढि़याबालमऊ में भागवत कथा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रवाचक राहुल पांडेय परासर ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया। वहीं चांदा कस्बे में भी भागवत कथा आयोजित हुई, जहां वेदांती महाराज ने अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म और आस्था का संदेश दिया।
कुड़वार के स्वामी पीतांबर देव हंड़िया बाबा आश्रम, पूरे तिलक गांव में श्रीरामचरितमानस सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान पं. मदन मोहन मिश्र ने रामचरितमानस के प्रसंगों का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति और मर्यादा का महत्व बताया।
इसके अलावा नगर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, चौक स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर, सब्जी मंडी स्थित प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर और सीताकुंड के पास स्थित हनुमान मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया।

जिले भर में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने पूरे सुलतानपुर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया।
Author Profile

Latest entries
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
Breaking NewsMay 20, 2026सुलतानपुर दौरे पर सांसद रामभुआल निषाद का जनसंपर्क अभियान, जनता दरबार में सुनी समस्याएं; साहसी छात्र को किया सम्मानित
