सुलतानपुर। सुलतानपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने बुधवार को जानकारी दी है कि स्कूली वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले में कुल 616 स्कूल वाहन ऐसे पाए गए जिनके फिटनेस प्रमाण पत्र या परमिट समाप्त हो चुके थे, या जिनके पास परमिट ही नहीं था।
निरीक्षण के दौरान, 174 वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र समाप्त पाए गए। वहीं, 215 वाहनों के परमिट की अवधि खत्म हो चुकी थी। इसके अतिरिक्त, 227 ऐसे वाहन भी थे जिनके लिए स्कूल प्रबंधन ने अभी तक परमिट नहीं लिया था।
इन अनियमितताओं के चलते, 174 फिटनेस समाप्त वाहनों का पंजीकरण प्रमाण पत्र कार्यालय द्वारा निलंबित कर दिया गया है। 215 परमिट समाप्त वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया गया है, और बिना परमिट वाले 227 वाहनों को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
यह कार्रवाई अपर मुख्य सचिव, परिवहन विभाग और परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के बाद की गई है। उन्होंने यूपी मोटरयान नियमावली 1998 के अध्याय-9 क (विद्यालयीय यानों के लिए विशेष उपबंध) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल की तैयारी तथा स्कूली वाहनों की फिटनेस हेतु विशेष अभियान (01 से 15 अप्रैल 2026) चलाये जाने के निर्देश दिए थे।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा, निगरानी और कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने ‘यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल’ (UP-ISVMP) विकसित किया है। सुलतानपुर जिले के सभी 3639 स्कूलों को इस पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है और उनके वाहनों का निरीक्षण भी पूरा हो गया है।
कार्यालय द्वारा सभी संबंधित वाहनों को वैध फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। यदि ये वाहन सड़क पर चलते पाए जाते हैं, तो नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है, जिसमें उनसे अपने स्तर पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
Author Profile

Latest entries
SULTANPURJuly 3, 2026हाजीपट्टी कूंडधाम आश्रम तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जिला पंचायत सदस्य ने किया निरीक्षण
ReligiousJune 10, 2026परमा एकादशी आज: जानिए व्रत पारण का सही समय, हरिवासर का नियम और भगवान विष्णु की कृपा पाने की विशेष विधि
LUCKNOWMay 28, 2026सुलतानपुर-राजापुर गांव के 104 किसानों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, एसडीएम की कार्रवाई पर लगी रोक
AUTOMOBILEMay 22, 2026Honda NX500 दमदार फीचर्स और एडवेंचर लुक के साथ युवाओं की पहली पसंद बनने को तैयार, जानिये सुलतानपुर में कितना है दाम..
