sp-leaders-submit-memorandum-against-objectionable-social-media-posts-on-aditi-yadav-sultanpur

अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला गरमाया, सपा नेताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सुलतानपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक चारु निगम को ज्ञापन सौंपा।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक सहित विभिन्न माध्यमों पर अदिति यादव की तस्वीरों का दुरुपयोग करते हुए सुनियोजित तरीके से दुष्प्रचार किया गया। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने अदिति यादव की तस्वीरों को अन्य व्यक्तियों की तस्वीरों के साथ जोड़कर भ्रामक सामग्री तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित किया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अदिति यादव को लेकर झूठे, भ्रामक और मनगढ़ंत दावे प्रसारित किए गए हैं। सपा नेताओं ने इसे केवल एक राजनीतिक दुष्प्रचार नहीं बल्कि एक महिला की गरिमा, सम्मान और निजता पर सीधा हमला बताया है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि इस तरह की पोस्ट प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया हैंडल संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति की छवि खराब करने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अदिति यादव को बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किसी महिला की छवि धूमिल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान पूर्व विधायक अरुण वर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद, जिला उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, जिला सचिव इरफान अहमद पिंटू, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष पल्लव खेतान समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi