sitakund-dham-maharudra-yagya-concludes-with-grand-bhandara-and-prasad-distribution-in-sultanpur

सीताकुंड धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव अनुग्रह विजय श्री महारुद्र यज्ञ के समापन पर विशाल भंडारा

सुलतानपुर। धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में प्रसिद्ध सीताकुंड धाम इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के दिव्य रंग में रंगा हुआ है। परम पूज्य अभय चैतन्य फलाहारी स्वामी मौनी जी महाराज 1008 के पावन सान्निध्य में आयोजित “श्री शिव अनुग्रह विजय श्री महारुद्र यज्ञ” के अंतर्गत सोमवार को विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सीताकुंड घाट आश्रम परिवार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन 16 मई 2026 से प्रारंभ होकर 15 जून 2026 तक संचालित हुआ। पूरे एक माह तक चले इस महायज्ञ में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से भक्तों ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। यज्ञ के समापन अवसर पर आज विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर परम पूज्य फलाहारी स्वामी मौनी जी महाराज ने कहा कि धर्म, सेवा और सत्संग मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले प्रमुख माध्यम हैं और ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक जागृति का संचार होता है।

महाराज श्री ने यह भी संदेश दिया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकें, उनके लिए प्रसाद साथ लेकर जाएं, ताकि वे भी इस पावन आयोजन के पुण्य एवं प्रसाद का लाभ प्राप्त कर सकें।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को संत दर्शन, आध्यात्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का भी अवसर मिला। आश्रम परिसर को विशेष रूप से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई।

सीताकुंड धाम लंबे समय से धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजन भारतीय सनातन परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

“आस्था और श्रद्धा के इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. डी.एस. मिश्रा समेत नगर के तमाम गणमान्य लोगों ने सीताकुंड धाम पहुंचकर पूजन-अर्चन किया, संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और विशाल भंडारे में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।”

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi