सुलतानपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी (एसडीएम), पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ), धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने तहसील स्तर के अधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा करते हुए सभी एसडीएम एवं सीओ को निर्देश दिया कि वे संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करें। उन्होंने जुलूस एवं ताजिया निकलने वाले स्थानों की थानावार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों, ताजिया स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। बैठक के दौरान धर्मगुरुओं एवं समिति सदस्यों ने कई स्थानों पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सड़क, यातायात प्रबंधन, परिवहन, जुलूस की अनुमति, कानून व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने अपने संबोधन में अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा कहीं भी विद्युत तारों या अन्य अवरोधों के कारण कोई समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए डिजिटल वालंटियर्स की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और धर्मगुरुओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हर समय उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए उपलब्ध रहेगा।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से नोट किया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को अगले एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी एसडीएम एवं सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों के जुलूस स्थलों का निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि सभी जुलूस मार्गों का सर्वे कराया जाए और जहां कहीं भी विद्युत तार खुले हों, नीचे लटक रहे हों या अन्य तकनीकी खामियां हों, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित परंपराओं के अनुरूप ही मुहर्रम का आयोजन किया जाए।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
