shyamlal-nishad-press-conference-lambhua-sp-targets-bjp-sultanpur

लम्भुआ में चुनावी तैयारियों में जुटे श्यामलाल निषाद, बोले- जनता के बीच पहुंचा रहे हैं सपा की नीतियां

सुलतानपुर। मोस्ट कल्याण संस्थान के निदेशक एवं शिक्षक श्यामलाल निषाद ने सोमवार को लम्भुआ स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। हाल ही में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले श्यामलाल निषाद ने कहा कि वह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों एवं पूर्ववर्ती सपा सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचा रहे हैं।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें लम्भुआ क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया है। इसी के तहत वह लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं और लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं।

भाजपा सरकार पर लगाए कई आरोप

श्यामलाल निषाद ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कानून व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा का खर्च बढ़ने से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है और कई विद्यालयों के संचालन पर भी असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने दावा किया कि आम नागरिक महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।

टिकट नहीं, जनता की सेवा प्राथमिकता

लम्भुआ विधानसभा सीट से संभावित दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर श्यामलाल निषाद ने कहा कि वह टिकट की राजनीति करने नहीं आए हैं। उनका उद्देश्य समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जनता तक पहुंचाना तथा क्षेत्र की समस्याओं को उठाना है। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं। यदि जनता और पार्टी नेतृत्व का समर्थन मिला तो शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।

सपा में गुटबाजी से किया इनकार

समाजवादी पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर श्यामलाल निषाद ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और संगठन में किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि लम्भुआ विधानसभा से समाजवादी पार्टी के अन्य नेता जितेंद्र वर्मा ‘बाजीगर’ और पूर्व विधायक संतोष पांडेय भी सक्रिय हैं, लेकिन पार्टी जिस उम्मीदवार को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता और नेता उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनाव में भाजपा को चुनौती देना और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनाना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi